बालाघाट गर्रा स्थित राइस मिल के भौतिक सत्यापन में गड़बड़झाला सामने आया जाँच में 3399 क्विंटल धान अधिक पायी गई, संयुक्त दल ने प्रकरण बनाया गया गुरुवार को लोड हुआ धान राइस परिसर में नही पहुँचा
कलेक्टर श्री मृणाल मीना द्वारा गत दिवस जिला उपार्जन समिति की बैठक में दिए निर्देशानुसार शुक्रवार को संयुक्त जांच दल द्वारा माँ कमला देवी राइस मिल गर्रा की जांच की गई। इस सम्बंध में जिला आपूर्ति अधिकारी श्री मति ज्योति बघेल ने बताया कि मिल संचालक विशाल गंगवानी द्वारा 90 लॉट का अनुबंध कस्टम मिलिंग 2024-25 हेतु नागरिक आपूर्ति निगम से किया गया था। मिलर द्वारा शुक्रवार तक 19 लॉट धान का उठाव कर 10 लॉट सीएमआर नागरिक आपूर्ति निगम को जमा किया गया है। शेष धान का भौतिक सत्यापन करने पर मिल परिसर में 16.85 लॉट धान रखी पायी गयी। जांच के दौरान मिल में 7.85 लॉट (3399 क्विंटल) धान अधिक रखी पायी गयी। इसके अलावा जांच में यह भी सामने आया कि 23 जनवरी गुरुवार को मिल संचालक द्वारा उपार्जन केंद्र लामता से 6 लॉट धान का उठाव किया गया था परंतु शुक्रवार तक मिल में खरीदी केंद्र की धान रखी नही पायी गयी। मौके पर पंचनामा बनाकर प्रकरण तैयार किया गया। जांच के दौरान जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती ज्योति बघेल आर्य, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुनील किरार, मंडी सहायक उप निरीक्षक भानेश्वर तुरकर, गुणवत्ता निरीक्षक अरुण मिश्रा और हर्षित यादव मौजूद रहें।